आवारा पशुओं पर सख्ती, गोशाला भेजने की तैयारी सरपंच – अनीस खान
प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो )
बालाघाट/लालबर्रा
नगर मुख्यालय लालबर्रा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। सड़कों पर खुलेआम घूमते और बैठे रहने वाले पशुओं के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं किसानों की खेतों में लगी फसलें भी लगातार नुकसान का शिकार हो रही हैं।
लालबर्रा सरपंच अनीस खानने बताया
कि ग्राम पंचायत कार्यालय में लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि आवारा पशुओं के कारण यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा किसानों ने भी धान की फसल, बोनी और अन्य कृषि कार्यों को आवारा मवेशियों से नुकसान पहुंचने की शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पशु मालिक अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं, जिससे वे सड़कों और खेतों में घूमते रहते हैं। इससे न केवल आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि किसानों की महीनों की मेहनत भी बर्बाद हो रही है।
सरपंच अनीस खान ने सभी पशुपालकों से अपने पशुओं को घर पर ही बांधकर रखने और उन्हें खुले में नहीं छोड़ने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इसके बावजूद आवारा पशुओं की समस्या बनी रहती है, तो ऐसे पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने और सार्वजनिक हित में पशुओं को खुला न छोड़ने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगे, किसानों की फसल सुरक्षित रहे और क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था बनी रहे।

