हल्दीराम रेस्टोरेंट और नजीर होटल सिवनी में अनियमितताएं, सुधार सूचना पत्र जारी

0
image-f4b8ab348912a8e878a9530cb577ddd7

हल्दीराम रेस्टोरेंट और नजीर होटल सिवनी में अनियमितताएं, सुधार सूचना पत्र जारी

सिवनी। आयुक्त खाद्य सुरक्षा, भोपाल के आदेश पर गठित फ्लाइंग स्क्वाड टीम द्वारा आज जिला सिवनी में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना पत्र जारी किए गए।

निरीक्षण के दौरान आर. सिंघानिया पैराबोलिक राइस मिल से परबॉयल्ड राइस का नमूना तथा श्रीहरि कोल्ड स्टोरेज से फ्रोजन मक्का एवं ग्रीन मटर के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों के चलते सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।

इसी क्रम में फ्लाइंग स्क्वाड टीम भोपाल एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन सिवनी द्वारा हल्दीराम रेस्टोरेंट (बायपास रोड, नगझर) का निरीक्षण किया गया। यहां किचन की स्थिति एवं लाइसेंस संबंधी खामियां पाई गईं, जिसके चलते सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। साथ ही कुकिंग ऑयल, टेस्टी एवं मैदा के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए।

वहीं नजीर होटल (बस स्टैंड) में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन की शर्तों का पालन न पाए जाने पर धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में सुधार न होने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि खाद्य गुणवत्ता से संबंधित शिकायतें सीधे विभाग को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *