ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

MPPSC प्रारंभिक परीक्षा- बालाघाट में सख्त सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण आयोजन । दो पालियों में 3,866 अभ्यर्थियों के लिए बने 9 केंद्र, बड़ी संख्या में रही उपस्थिति।

बालाघाट

 जिले में रविवार को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं, जिसके चलते परीक्षा निर्विघ्न संपन्न हुई।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक संचालित हुई। जिले में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 3,866 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

पहली पाली में 2,948 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 918 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 2,903 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 963 अभ्यर्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।
परीक्षा के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरवेली, सरस्वती शिशु मंदिर, शासकीय वीरांगना रानी दुर्गावती विद्यालय, शासकीय कमला नेहरू गर्ल्स कॉलेज, जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, एक्सीलेंस स्कूल एवं अपोलो कॉन्वेंट स्कूल सहित अन्य संस्थानों को केंद्र बनाया गया था।

परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहा और अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।

कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली। अभ्यर्थियों ने भी अनुशासन और नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में भाग लिया। कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *