ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

नशा मुक्ति अभियान के समापन पर ग्राम लड़सड़ा में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ विश्व तंबाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर सप्ताहभर चला जनजागरूकता अभियान, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश।

बालाघाट

 शासन के निर्देशानुसार एवं प्रति वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के तहत स्वयंसेवी संस्था जन सेवा एवं जन सुरक्षा समिति, बालाघाट द्वारा

विश्व तंबाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई 2026 से 6 जून 2026 तक नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के समापन अवसर पर शनिवार 6 जून 2026 को वारासिवनी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लड़सड़ा में नशाबंदी एवं नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट तथा शराब के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उपस्थित जनसमुदाय को बताया गया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से कैंसर, टीबी, हृदयाघात सहित अनेक गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

समिति के पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के अंतर्गत उपस्थित नागरिकों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई तथा उनसे संकल्प पत्र एवं शपथ पत्र भी भरवाए गए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लड़सड़ा की सरपंच श्रीमती कलावंती चिन्नीलाल बघेले, सरपंच प्रतिनिधि चिन्नीलाल बघेले, सचिव दीपेश तुरकर, समिति की सचिव ममता भगत, समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार बिजेवार, संस्था के सदस्य एवं प्रेरक सियाराम बिजेवार सहित यूनाइटेड हॉस्पिटल गोंदिया से आए चिकित्सकगण, ग्राम पंचायत के पंच, सहकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
                         ✍🏻

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *