ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

विश्व सिकल सेल दिवस पर बालाघाट जिला चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम। 575 लोगों की हुई जांच जिले भर में 1899 व्यक्तियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग, विशेषज्ञों ने रोग की रोकथाम, उपचार और गर्भावस्था संबंधी सावधानियों की दी जानकारी

बालाघाट

विश्व सिकल सेल दिवस 2026 के अवसर पर जिला चिकित्सालय बालाघाट स्थित जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) में मुस्कान ओपीडी के अंतर्गत विशेष जागरूकता एवं जांच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कलेक्टर मृणाल मीणा के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने

और समय पर जांच को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस वर्ष विश्व सिकल सेल दिवस की थीम “जीवन रक्षा के अंतर को समाप्त करना, सिकल सेल देखभाल में समानता सुनिश्चित करना” रही।

कार्यक्रम के दौरान 0 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की सिकल सेल जांच की गई तथा गर्भवती महिलाओं, बच्चों, उनके परिजनों और आमजन को रोग के लक्षण, उपचार एवं बचाव संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

सिकल सेल कार्यक्रम के नोडल अधिकारी राजाराम चक्रवर्ती ने जांच के महत्व, समय पर उपचार और परिवार की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा बारमेट एवं डॉ. स्वाति मेश्राम ने गर्भावस्था के दौरान सिकल सेल एनीमिया के प्रभाव और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
चिकित्सालय परिवार, नर्सिंग स्टाफ, आशा कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी कर्मचारियों के सहयोग से जिला चिकित्सालय में कुल 575 लोगों की सिकल सेल जांच की गई। वहीं जिलेभर में विश्व सिकल सेल दिवस पर कुल 1899 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई।
कार्यक्रम में डॉ. मनमोहन हरदहा, सिकल सेल डे-केयर प्रभारी माधुरी बेंद्रे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सिकल सेल रोग की नियमित जांच कराएं, इसके प्रति जागरूक रहें तथा स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *