ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

जल गंगा संवर्धन अभियान का गरिमामय समापन, जल संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प | सांसद भारती पारधी सहित जनप्रतिनिधियों ने जल बचाने और वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान।

बालाघाट

जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन के उद्देश्य से संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का मंगलवार को गरिमामय वातावरण में समापन समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में सांसद श्रीमती भारती पारधी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री अभिषेक सराफ, स्वास्थ्य शाखा सभापति श्रीमती संगीता खगेश कावरे, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सूर्यप्रकाश उके सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान के दौरान किए गए कार्यों की सराहना करते हुए नागरिकों से जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ ने अभियान की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनभागीदारी से किए गए प्रयासों ने जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन को नई दिशा दी है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य शाखा सभापति श्रीमती संगीता खगेश कावरे ने कहा कि स्वच्छ जल स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने जल संरक्षण के साथ-साथ जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी को जागरूक रहने पर बल दिया।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन ने कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने नगर क्षेत्र में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सूर्यप्रकाश उके ने बताया कि अभियान के दौरान नगर पालिका द्वारा जल संरक्षण से जुड़े अनेक कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिसे जनसहयोग के बिना सफल नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ, सुरक्षित और संरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से जल बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *