ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

कृषकों से अपील – सहकारी समितियों से जुड़ें, योजनाओं का लें लाभ – सीईओ बघेल I 131 समितियों में सदस्यता महाअभियान, वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक में दिए निर्देश।

बालाघाट

जिले में सहकारी समितियों से किसानों को जोड़ने के लिए सदस्यता महाअभियान तेज कर दिया गया है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट के अंतर्गत संचालित 131 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में नए सदस्यों को जोड़ने हेतु डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

समिति कर्मचारी गांव-गांव जाकर किसानों से सीधे संवाद कर उन्हें सदस्य बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

20 अप्रैल 2026 को कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में बैंक मुख्यालय से मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिनव सिंह बघेल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न शाखाओं—बालाघाट, वारासिवनी, लालबर्रा, खमरिया, रामपायली, खैरलांजी, लामता, बैहर, परसवाड़ा, भानेगांव, किरनापुर, लांजी, साडरा, बिरसा, कटंगी एवं तिरोड़ी—के शाखा प्रबंधक, पर्यवेक्षक एवं संस्था प्रबंधक शामिल हुए।

  👉     शत-प्रतिशत फार्म वितरण के निर्देश
********************************
सीईओ श्री बघेल ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी किसानों की पहचान की जाए जो अभी तक समिति के सदस्य नहीं बने हैं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सदस्यता फार्म वितरित किए जाएं। उन्होंने कहा कि वास्तविक सूची तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सदस्यता पूर्ण कराई जाए, ताकि किसानों को शासन की शून्य प्रतिशत ब्याज दर वाली योजनाओं का लाभ मिल सके। जिले की 131 समितियों को 54 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
   👉      किसानों से सदस्य बनने की अपील
*************************************
सीईओ श्री बघेल ने किसानों से अपील की कि वे सहकारी समितियों से जुड़कर शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। बैठक में भोपाल से जुड़े संभागीय अधिकारी आर.सी. पटले ने भी शाखा प्रबंधकों को संस्था प्रबंधकों के साथ सतत संपर्क बनाए रखते हुए अभियान को गति देने के निर्देश दिए।
    👉  अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई
***********************************
बैठक में अनुपस्थित रहने पर शाखा डोंगरमाली के शाखा प्रबंधक एवं पर्यवेक्षक का एक दिन का वेतन काटने तथा संबंधित संस्था प्रबंधकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं प्रबंधक लेखा पी. जोशी ने सदस्यता अभियान को गंभीरता से लेते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया। इसके साथ ही पैक्स कम्प्यूटरीकरण के अंतर्गत बैंकिंग कार्यों एवं मैनुअल बैलेंस शीट की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *