ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

सहायक ग्रेड-3 मेहताब हुसैन को भावभीनी विदाई, कटनी स्थानांतरण पर दी गई शुभकामनाये । जिला जनसंपर्क कार्यालय बालाघाट में विदाई समारोह आयोजित, अधिकारियों-कर्मचारियों ने सेवाओं की सराहना ।

बालाघाट
जनसंपर्क संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल द्वारा जिला जनसंपर्क कार्यालय बालाघाट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 सह डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री मेहताब हुसैन

का स्थानांतरण जिला जनसंपर्क कार्यालय कटनी किए जाने पर सोमवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय बालाघाट में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

स्थानांतरण आदेश के तहत श्री मेहताब हुसैन को कटनी में नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए 29 जून को जिला जनसंपर्क कार्यालय बालाघाट से विधिवत कार्यमुक्त किया गया। इस अवसर पर कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना की।

सहकर्मियों ने कहा कि श्री मेहताब हुसैन ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। एक कुशल डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं सहायक ग्रेड-3 के रूप में उन्होंने कार्यालयीन कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

तथा हमेशा टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सभी का सहयोग किया। उनकी कार्यशैली, अनुशासन एवं विनम्र व्यवहार ने उन्हें सभी के बीच लोकप्रिय बनाया।

विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री हुसैन को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नवीन पदस्थापना पर सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वे कटनी में भी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और समर्पण से विभाग का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर श्री मेहताब हुसैन ने भी जिला जनसंपर्क कार्यालय बालाघाट में मिले सहयोग, आत्मीयता और स्नेह के लिए सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बालाघाट में बिताया गया समय उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहेगा तथा यहां से मिली सीख और सहयोग को वे सदैव याद रखेंगे। इस दौरान जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री अनिल कुमार पटले एवं समस्‍त कार्यालयीन स्‍टॉफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *