ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु भाजपा जिला अध्यक्ष ने उठाई पहल

किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु भाजपा जिला अध्यक्ष ने उठाई पहल

मुख्यमंत्री से की चर्चा, प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर को दिए निर्देश

सिवनी, 04 नवम्बर 2025 – जिले के किसानों को पराली प्रबंधन, खाद उपलब्धता, सिंचाई और बिजली आपूर्ति जैसी प्रमुख समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने सक्रिय पहल की है। उन्होंने जिले के अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से दूरभाष पर चर्चा की। इसके साथ ही भोपाल पहुँचकर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तथा जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा से भेंट कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।


भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के भोपाल से बाहर होने के कारण श्रीमती बिसेन ने फोन पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। इस संबंध में प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने किसानों के प्रति सहानुभूति जताते हुए जिला कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा की और आवश्यक निर्देश जारी किए। साथ ही उन्होंने किसानों की समस्याओं के बिंदुवार समाधान हेतु कलेक्टर को पत्र भी प्रेषित किया है।


इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीराम ठाकुर, जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


श्रीमती बिसेन द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय एवं भाजपा नेताओं को भेजे गए ज्ञापन में शामिल प्रमुख बिंदु –


पराली प्रबंधन: किसानों पर प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही को पर्याप्त सुविधाएँ उपलब्ध होने तक स्थगित या शिथिल किया जाए।


खाद उपलब्धता: डी.ए.पी. एवं यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।


बिजली आपूर्ति: बी फसल की बुवाई और सिंचाई के लिए निरंतर 10 घंटे बिजली दी जाए।


सिंचाई सुविधा: भीमगढ़ बांध के टेल क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त पानी मिले एवं जिले के सभी डेमों की नहरों का सीमेंटिकरण कराया जाए।


खाद वितरण केंद्र: डूंडासिवनी (मानेंगांव–कान्हीवाड़ा मार्ग) के बीच नया खाद वितरण केंद्र प्रारंभ किया जाए।


फसल सर्वे: अतिवृष्टि से प्रभावित धान और मक्का की फसलों का सर्वे कर किसानों को मुआवजा दिया जाए।



राजस्व मंत्री एवं प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने जिला कलेक्टर को पत्र में निर्देश दिए हैं कि श्रीमती मीना बिसेन एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लिखित बिंदुओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए।


भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि “पार्टी किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री स्तर पर हुई इस चर्चा से जिले के किसानों को शीघ्र आवश्यक राहत प्राप्त होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *