ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुलना स्टेडियम में होगा ‘अस्मिता’ कार्यक्रम, महिलाओं की फिटनेस पर रहेगा विशेष फोकस।

बालाघाट

 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 7 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से मुलना स्टेडियम बालाघाट में ‘अस्मिता कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। “खेल से ही है पहचान” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को खेलों के माध्यम से स्वस्थ और फिट रहने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में जिले भर की महिलाओं और युवतियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम माय भारत (मेरा युवा भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला ग्रामीण आजीविका मिशन, जन अभियान परिषद बालाघाट, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट गाइड सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं का सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं और युवतियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों में आयोजित की जाएंगी। पहला वर्ग 13 वर्ष तक, दूसरा वर्ग 13 से 18 वर्ष तक तथा तीसरा वर्ग 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं और युवतियों के लिए निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिताओं में मुख्य रूप से 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ के साथ रस्साकसी जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रतिभागी अपनी खेल क्षमता और फिटनेस का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को माय भारत (मेरा युवा भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला युवा अधिकारी माय भारत बालाघाट श्री प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों में फिटनेस, स्वास्थ्य एवं खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने जिले की महिलाओं और युवतियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने तथा ‘अस्मिता कार्यक्रम’ के लिए अपना पंजीयन कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *