ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुलना स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय भव्य आयोजन 21 जून को सुबह 6 बजे से सामूहिक योगाभ्यास, “योग संगम” पोर्टल पर संस्थाओं का पंजीयन अनिवार्य।

बालाघाट

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय स्थित मुलना स्टेडियम में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने एवं अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इस संबंध में 16 जून को कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, खेल एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ, जिला आयुष अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार पंद्रे, नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे मुलना स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाएं, एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होकर कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।
कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योग से व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने सभी संस्थाओं से अधिक से अधिक लोगों को योग दिवस से जोड़ने की अपील की।
बैठक में आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र उइके ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा प्रतिभागियों के आंकड़ों के संकलन एवं कार्यक्रम प्रबंधन के लिए “योग संगम” पोर्टल प्रारंभ किया गया है। जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों, बैंकों, गैर-सरकारी संगठनों एवं निजी संस्थानों को 21 जून से पूर्व अपनी संस्था का पंजीयन अनिवार्य रूप से कराना होगा।
पंजीयन के बाद संबंधित संस्थाओं को अपनी जानकारी आयुष विभाग बालाघाट के व्हाट्सएप नंबर 9926378331 पर भी साझा करनी होगी, ताकि जिले की सहभागिता का समुचित रिकॉर्ड तैयार किया जा सके। कार्यक्रम के बाद आयोजित योग गतिविधियों के फोटो एवं वीडियो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जाएंगे, जिससे जिले की सहभागिता राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित हो सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। वहीं जो संस्थाएं जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगी, उनसे अपने स्तर पर योग सत्र आयोजित करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *