ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

खैरलांजी में आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, 2300 किलो महुआ लाहन और 35 लीटर कच्ची शराब जब्त ।संयुक्त छापेमारी में तीन प्रकरण दर्ज, 2.35 लाख की अवैध सामग्री बरामद अवैध शराब कारोबारियों को सख्त चेतावनी ।

बालाघाट 

 अभयवाणी न्यूज

बालाघाट जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के विरुद्ध आबकारी विभाग ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए खैरलांजी क्षेत्र में सक्रिय शराब माफिया पर बड़ा प्रहार किया है।

कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में शुक्रवार को चली संयुक्त छापेमारी में करीब 2300 किलोग्राम महुआ लाहन और 35 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

आबकारी विभाग की वारासिवनी, बालाघाट, लांजी एवं कटंगी वृत्त की संयुक्त टीम ने खैरलांजी विकासखंड के ग्राम गोंडीटोला, कटोरी और खैरी में एक साथ दबिश दी।

टीम को विभिन्न स्थानों पर प्लास्टिक की पन्नियों में भारी मात्रा में महुआ लाहन तथा रबर ट्यूब में भरी हाथ भट्टी शराब मिली। आवश्यक नमूने सुरक्षित करने के बाद शेष महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे उसका दोबारा उपयोग न हो सके।

आबकारी विभाग के अनुसार जब्त की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 35 हजार 250 रुपये है। यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के नेटवर्क पर लगातार की जा रही सघन निगरानी और प्रभावी अभियान का हिस्सा है।
संयुक्त अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक संदीप श्रीवास, रमाकांत बघेल एवं कौस्तुभ नेताम के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक द्वारसिंह उइके, टीकाराम शरणागत, नरसिंह टेकाम सहित अन्य आबकारी अमले ने सक्रिय भूमिका निभाई।
जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह कठोर और निरंतर कार्रवाई की जाएगी।
   👉               अभयवाणी की नजर              👈
लगातार हो रही आबकारी कार्रवाई यह संकेत देती है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन अब पूरी सख्ती के साथ मैदान में है। हालांकि स्थायी नियंत्रण तभी संभव होगा, जब कार्रवाई के साथ-साथ अवैध शराब के स्रोतों और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क पर भी निर्णायक प्रहार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *