ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

जिला पशु चिकित्सा प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण, बंद जांच मशीनों को जल्द चालू करने के निर्देशउप-संचालक डॉ. घनश्याम परते ने रिएजेंट्स व रसायनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, पशुपालकों को बेहतर जांच सुविधाएं मिलने की उम्मीद

बालाघाट
 जिले में पशुपालकों एवं किसानों से प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. घनश्याम परते

ने जिला पशु चिकित्सा प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रयोगशाला में उपलब्ध आधुनिक जांच उपकरणों की स्थिति और कार्यप्रणाली का अवलोकन कर लैब प्रभारी डॉ. दीप्ति कावड़े से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान पता चला कि लिवर फंक्शन टेस्ट एवं यूरिन एनालिसिस जैसी महत्वपूर्ण जांच मशीनें आवश्यक रिएजेंट्स और रसायनों की कमी के कारण बंद पड़ी हैं। इस पर डॉ. परते ने तत्काल आवश्यक सामग्रियों की मांग प्रस्तुत करने के निर्देश दिए,ताकि मशीनों को शीघ्र पुनः संचालित किया जा सके और पशुपालकों को बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जांच उपकरणों का नियमित उपयोग पशुओं में होने वाली बीमारियों के सटीक एवं समयबद्ध निदान के लिए अत्यंत आवश्यक है। जांच सुविधाओं के सुदृढ़ होने से उपचार प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी तथा पशुपालकों को समय पर उचित चिकित्सा परामर्श मिल सकेगा।
गौरतलब है कि जिला पशु चिकित्सा प्रयोगशाला जिले की एकमात्र ऐसी प्रयोगशाला है, जहां पूरे जिले से पशुओं के विभिन्न नमूनों की जांच के लिए भेजे जाते हैं। पशु रोगों के निदान एवं नियंत्रण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला के संसाधनों, उपकरणों और परीक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उपलब्ध मशीनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सामग्री की पूर्ति के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विभागीय पहल से पशुपालकों और किसानों को उम्मीद है कि प्रयोगशाला की जांच सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी, जिससे पशुओं के रोगों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो सकेगा तथा जिले में पशुधन स्वास्थ्य संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
✍️

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *