ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

तंबाकू मुक्त समाज के संकल्प के साथ जिला अस्पताल में चला जागरूकता अभियान विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के तहत शपथ ग्रहण, हस्ताक्षर अभियान और कोटपा एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई।

बालाघाट

जिले में 25 मई से 31 मई तक आयोजित विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के अंतर्गत जिला चिकित्सालय बालाघाट में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी भी प्रकार के तंबाकू सेवन से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 मई 2026 को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री मृणाल मीणा के निर्देशानुसार जिले एवं ब्लॉक स्तर पर 25 से 31 मई तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें हस्ताक्षर अभियान, शपथ ग्रहण, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में काउंसिलिंग, योगाभ्यास तथा जनजागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “अपील को उजागर करना – निकोटिन एवं तंबाकू की लत से लड़ना” निर्धारित की गई है। डॉ. उपलप ने कहा कि तंबाकू उत्पादों का बढ़ता उपयोग विश्वभर में असमय मृत्यु का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर अप्रत्यक्ष धूम्रपान से भी बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर तंबाकू एवं तंबाकू जन्य पदार्थों का पूर्ण बहिष्कार करना चाहिए।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन, कोटपा एक्ट की नोडल अधिकारी डॉ. षलुभा मचगाहे सहित अन्य चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन उपस्थित रहे।
कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई
विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के दौरान जिला चिकित्सालय परिसर में कोटपा एक्ट-2003 के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई। अस्पताल परिसर में तंबाकू एवं तंबाकू जन्य पदार्थों का सेवन करते पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध धारा-4 के अंतर्गत चालान काटे गए। साथ ही लोगों को तंबाकू की लत छोड़ने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
                          ✍️

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *