ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

दो मुर्रा भैंस चोरी होने से किसान परिवार संकट में।कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार नवेगांव थाना पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप, भैंसों की बरामदगी की मांग तेज।

बालाघाट

 जिले के ग्राम पंचायत गोंगलई वार्ड क्रमांक 01 निवासी किसान अरुण नागपुरे

ने अपने घर से दो मुर्रा भैंस चोरी होने के मामले में जिला कलेक्टर से शिकायत कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित किसान ने आरोप लगाया है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद थाना नवेगांव पुलिस द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27 अप्रैल 2026 की रात लगभग 2 बजे से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने अरुण नागपुरे के घर के बाड़े में घुसकर दो मुर्रा भैंस चोरी कर लीं। बताया जा रहा है कि चोरी हुई दोनों भैंसों की अनुमानित कीमत लगभग 1.5 लाख से 2 लाख रुपये के बीच है। घटना के बाद किसान ने तत्काल थाना नवेगांव पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित किसान अरुण नागपुरे ने बताया कि घटना के बाद से वह लगातार अपने स्तर पर भैंसों की तलाश कर रहा है। गांव-गांव जाकर जानकारी जुटाई गई, आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, लेकिन आज तक भैंसों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। किसान का कहना है कि उसकी आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर है और भैंस ही परिवार की आय का मुख्य साधन थीं। भैंस चोरी हो जाने से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
किसान ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद पुलिस द्वारा मामले में गंभीरता नहीं दिखाई गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो संभवतः भैंसों का पता लगाया जा सकता था। घटना के बाद से परिवार लगातार चिंता और तनाव में जीवन यापन कर रहा है।
अरुण नागपुरे ने जिला कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी हुई भैंसों को जल्द से जल्द बरामद कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से गरीब किसान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए न्याय दिलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *