ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

बैनगंगा नदी के जागपूर घाट में युवक की डूबने से मौत एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, एक घंटे बाद मिला शव ।

बालाघाट

 जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैनगंगा नदी के जागपूर घाट में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।

नहाने के दौरान नदी के गहरे पानी में डूब जाने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रघुजी पिता वेंकटेश राणा (34 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-33, हरिओम नगर, बालाघाट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रघुजी राणा रविवार को नहाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से जगपुर घाट पहुंचे थे। घाट पर पहुंचने के बाद वह नदी में स्नान करने उतरे, लेकिन कुछ ही देर बाद गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को पानी में संघर्ष करते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की सात सदस्यीय संयुक्त टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। वहीं कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को नदी किनारे मृतक की मोटरसाइकिल, कपड़े और चप्पल मिली, जिसके आधार पर युवक की तलाश शुरू की गई।
रेस्क्यू टीम ने नदी में व्यापक सर्च अभियान चलाया। लगभग एक घंटे तक लगातार खोजबीन के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में मौजूद लोगों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने नदी के गहरे घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। युवक की असमय मौत से परिवार और मोहल्ले में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *