ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

भौरगढ़ में अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई मुख्य सड़क किनारे मिली 8 ट्रैक्टर ट्रॉली रेत जब्त, पुलिस अभिरक्षा में रखी गई सामग्रीखनिज विभाग, राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने की आकस्मिक जांच।

खैरलांजी/ बालाघाट

 कलेक्टर एवं उपसंचालक (खनिज प्रशासन) बालाघाट के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 21 मई 2026 को तहसील खैरलांजी के ग्राम भौरगढ़ में प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित रेत को जब्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपसंचालक (खनिज प्रशासन) बालाघाट द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में तहसीलदार खैरलांजी, खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल, नायब तहसीलदार डी.एल. परते एवं थाना खैरलांजी पुलिस अमले की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम भौरगढ़ में आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान गांव की मुख्य सड़क किनारे बड़ी मात्रा में खनिज रेत का भंडारण पाया गया।

संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जांच करने पर लगभग 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत अवैध रूप से रखी मिली। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित लोगों से रेत के संबंध में दस्तावेज एवं मालिकाना हक की जानकारी मांगी, लेकिन किसी भी व्यक्ति द्वारा रेत के संबंध में वैध जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई। इसके चलते उक्त रेत को लावारिस मानते हुए प्रशासन ने अज्ञात रूप से जब्ती की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जब्त रेत को अन्य वाहनों की सहायता से थाना खैरलांजी लाया गया, जहां उसे पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है। मामले में नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
                         ✍️

                     बालाघाट

                  👆👆👆👆

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *