ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

मुस्कान ओपीडी बना टाइप-1 डायबिटीज मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण । जिला अस्पताल बालाघाट में हर शुक्रवार विशेष क्लिनिक, नि:शुल्क जांच, इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा।

बालाघाट

 टाइप-1 डायबिटीज़ (T1D) से प्रभावित बच्चों एवं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय बालाघाट में

“मुस्कान ओपीडी” के माध्यम से एक सराहनीय पहल की गई है। जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को विशेष साप्ताहिक T1D फॉलोअप क्लिनिक संचालित किया जा रहा है, जहां मरीजों को नि:शुल्क जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, इंसुलिन, ग्लूकोमीटर एवं मधुमेह प्रबंधन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यह विशेष क्लिनिक प्रत्येक शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होता है। शुक्रवार 08 मई को कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने

क्लिनिक का निरीक्षण कर वहां उपचार प्राप्त कर रहे बच्चों एवं उनके परिजनों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मरीजों को नि:शुल्क ग्लूकोमीटर एवं इंसुलिन का वितरण भी किया। निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप, सिविल सर्जन डॉ. नीलय जैन, डॉ. नीतेन्द्र रावतकर एवं डॉ. राहुल गेडाम उपस्थित रहे।

मरीजों और परिजनों के लिए राहत भरी पहल
जिला अस्पताल की यह पहल टाइप-1 डायबिटीज़ से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

अब मरीजों को उपचार, जांच एवं परामर्श के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ रहा है। साथ ही महंगे उपचार एवं दवाओं पर होने वाला आर्थिक खर्च भी काफी हद तक कम हो रहा है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार टाइप-1 डायबिटीज़ एक स्व-प्रतिरक्षी (ऑटोइम्यून) बीमारी है, जिसमें शरीर में इंसुलिन का निर्माण बंद हो जाता है या अत्यंत कम मात्रा में होता है। ऐसे मरीजों को जीवनभर नियमित इंसुलिन थेरेपी की आवश्यकता होती है। समय पर उपचार एवं निगरानी नहीं मिलने पर मधुमेह कीटोएसिडोसिस, गंभीर हाइपोग्लाइसीमिया सहित कई गंभीर जटिलताओं का खतरा बना रहता है।
एक ही स्थान पर मिल रही समग्र स्वास्थ्य सेवाएं
मुस्कान ओपीडी में संचालित यह साप्ताहिक क्लिनिक मरीजों के लिए बहु-विषयक स्वास्थ्य सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध करा रहा है। यहां मरीजों को नियमित चिकित्सकीय जांच, इंसुलिन प्रबंधन, मधुमेह शिक्षा एवं जीवनशैली संबंधी परामर्श जैसी सुविधाएं समग्र रूप से प्रदान की जा रही हैं।
इस पहल से मरीजों और उनके परिजनों को समय, धन एवं मानसिक तनाव से राहत मिल रही है। चिकित्सकों द्वारा मरीजों की नियमित निगरानी कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार योजना तैयार की जा रही है।
प्रत्येक फॉलोअप पर मिल रही नि:शुल्क सुविधाएं
मुस्कान ओपीडी में पंजीकृत मरीजों को प्रत्येक मासिक फॉलोअप पर कई महत्वपूर्ण सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें मरीजों की वृद्धि एवं विकास की नियमित निगरानी, रक्त शर्करा की स्थिति के अनुसार इंसुलिन डोज का निर्धारण एवं प्रबंधन, संभावित जटिलताओं की प्रारंभिक पहचान, आवश्यकता अनुसार मेडिकल कॉलेज रेफरल, एक माह की नि:शुल्क इंसुलिन आपूर्ति, इंसुलिन लेने हेतु सीरिंज उपलब्ध कराना, ग्लूकोमीटर के साथ प्रतिमाह 100 टेस्ट स्ट्रिप्स उपलब्ध कराना तथा मधुमेह प्रबंधन एवं जीवनशैली संबंधी विशेषज्ञ परामर्श शामिल हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का जनहित से जुड़ता उत्कृष्ट उदाहरण
जिला चिकित्सालय बालाघाट की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के हित से जोड़ने का उत्कृष्ट उदाहरण बन रही है। मुस्कान ओपीडी के माध्यम से टाइप-1 डायबिटीज़ से प्रभावित बच्चों एवं मरीजों को न केवल बेहतर उपचार उपलब्ध हो रहा है, बल्कि उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *