ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

संगठन की एकता और समाज सुधार पर वृंदावन में हुआ विशेष संवाद

 जागरूक महिला ही परिवार और समाज दोनों को नई दिशा दे सकती है : बालेंदु सोनी

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता जरूरी : नवीन सोनी

 वृंदावन में सर्व स्वर्णकार महासंगठन का भव्य स्वागत

वृंदावन। सर्व स्वर्णकार महासंगठन की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष बालेंदु सोनी दो दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा पर पवित्र नगरी वृंदावन पहुंचीं। उनके आगमन पर सर्व स्वर्णकार महासंगठन के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष नवीन सोनी के वृंदावन स्थित आवास पर समाज के वरिष्ठजनों, कार्यकर्ताओं और स्वर्णकार बंधुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पुष्प वर्षा, माल्यार्पण और शाल ओढ़ाकर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर बालेंदु सोनी ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूक महिला ही परिवार और समाज दोनों को नई दिशा दे सकती है। जब महिला शिक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक होती है, तो वह न केवल अपने परिवार को संभालती है बल्कि समाज के हर हिस्से में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीक ने महिलाओं को सशक्त बनाया है, लेकिन इसके साथ ही जिम्मेदारी भी बढ़ी है। महिलाएं और बालिकाएं सोशल मीडिया का उपयोग समझदारी से करें, क्योंकि यह एक ऐसा माध्यम है जो समाज में व्यक्ति की छवि बनाता भी है और बिगाड़ता भी है।

बालेंदु सोनी ने समाज की महिलाओं और युवतियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर अनावश्यक रील या वीडियो न बनाएं। उन्होंने कहा कि अपनी निजी और पारिवारिक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें, क्योंकि यह सुरक्षा और सामाजिक मर्यादा दोनों के लिए जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और समय समाज सेवा, शिक्षा, और आत्मविकास में लगाएं, तभी समाज सही मायनों में सशक्त बन सकेगा।

इस अवसर पर सर्व स्वर्णकार महासंगठन के प्रदेश अध्यक्ष नवीन सोनी ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे दहेज प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा और महिलाओं के प्रति असमान व्यवहार को समाप्त करने के लिए हर व्यक्ति को जागरूक होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सर्व स्वर्णकार महासंगठन पूरे भारतवर्ष में समाज को संगठित करने, शिक्षा के प्रसार और आर्थिक विकास की दिशा में कार्य कर रहा है।

नवीन सोनी ने वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि सोने और चांदी के लगातार बढ़ते दामों ने छोटे व्यापारियों और स्वर्णकार कारीगरों की आजीविका को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में सरकार को समाज के इन मेहनतकश लोगों की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि प्रत्येक स्वर्णकार परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का अवसर दिया जाए ताकि परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हो सके और समाज के विकास में योगदान दे सके।

उन्होंने बताया कि इसके लिए संगठन की ओर से एक अभियान भी शुरू किया गया है, जिसके तहत स्वर्णकार समाज के युवाओं को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज तभी प्रगति करेगा जब हर परिवार आत्मनिर्भर बनेगा।

बालेंदु सोनी और नवीन सोनी ने संवाद के दौरान समाज की एकता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्थिरता पर विस्तार से चर्चा की। दोनों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समाज को जोड़ना ही नहीं, बल्कि उसे राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।

कार्यक्रम के अंत में सर्व स्वर्णकार महासंगठन के कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके नेतृत्व में समाज में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उपस्थित लोगों ने वृंदावन, बरसाना और गोकुल की इस आध्यात्मिक यात्रा को समाज की एकता और समर्पण की प्रतीक बताया।

इस यात्रा के दौरान बालेंदु सोनी और नवीन सोनी ने बांके बिहारी मंदिर में विशेष दर्शन किए और समाज की उन्नति, संगठन की मजबूती तथा देश की प्रगति की कामना की। स्वर्णकार समाज के सदस्यों ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी नेतृत्व के साथ समाज निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *