ABHAY WANI

The Voice of Truth | Trusted News of Madhya Pradesh

समय से पहले छुट्टी – क्या महदुली स्कूल में टूट रहे हैं शिक्षा विभाग के नियम?

बालाघाट

वारासिवनी क्षेत्रांतर्गत ग्राम महदुली स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की प्रतिदिन निर्धारित समय से पहले छुट्टी किए जाने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार जहाँ माध्यमिक विद्यालयों की छुट्टी का समय शासन के नियमों के तहत शाम 4:30 बजे निर्धारित है, वहीं इस विद्यालय में बच्चों को प्रतिदिन 4:00 बजे ही छुट्टी दे दी जाती है।

जब इस संबंध में बच्चों से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक दिन की बात नहीं, बल्कि रोज़ का क्रम है। समय से पहले छुट्टी होने के कारण विद्यार्थियों का पूरा शैक्षणिक समय नहीं मिल पा रहा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो पढ़ाई की गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ेगा। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या संबंधित शिक्षक या विद्यालय प्रबंधन शासन के निर्धारित नियमों की अनदेखी कर रहे हैं?
शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और समयपालन अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ पहले से ही संसाधनों की कमी रहती है। ऐसे में विद्यालय समय में कटौती बच्चों के हितों के साथ अन्याय माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *